हरिद्वार(नीति शर्मा)। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 65 शिकायतें और समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 32 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को कार्रवाई हेतु संबंधित विभागों को भेजा गया।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल, राशन कार्ड एवं अन्य जनसमस्याओं से जुड़े प्रकरण सामने आए। फरियादियों ने सार्वजनिक मार्ग पर अवैध कब्जे, आवासीय सोसायटी के प्रबंधन हस्तांतरण, दीप गंगा अपार्टमेंट में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, सोलर पैनल सब्सिडी भुगतान, जल निकासी व्यवस्था तथा सलेमपुर क्षेत्र की जर्जर सड़क के निर्माण जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, उनमें विभागीय समन्वय के साथ मौके पर जाकर समस्या का समाधान किया जाए।
इस दौरान सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए। उन्होंने शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर स्थलीय निरीक्षण के माध्यम से समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
समीक्षा में बताया गया कि 36 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं। वर्तमान में एल-1 स्तर पर 259 तथा एल-2 स्तर पर 97 शिकायतें लंबित हैं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।


