हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। तीर्थनगरी हरिद्वार में सोमवती अमावस्या स्नान पर्व-2026 को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा तैयारियां की हैं। लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक यातायात/अपराध निशा यादव ने ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज स्थित सभागार में स्नान पर्व ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ब्रीफ किया।
पर्व के दौरान संपूर्ण मेला क्षेत्र को 2 सुपर जोन, 14 जोन और 44 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। मेले का प्रभारी अधिकारी एसपी सिटी को नियुक्त किया गया है। ब्रीफिंग में पुलिसकर्मियों को आपसी समन्वय बनाए रखने, महत्वपूर्ण सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
एसपी निशा यादव ने कहा कि हरकी पैड़ी और प्रमुख स्नान घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की स्थिति में उन्हें वैकल्पिक घाटों की ओर डायवर्ट किया जाए। घाटों पर डूबने, बहने एवं फिसलने जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए जल पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। साथ ही जेबकतरों एवं उठाईगिरों पर नजर रखने के लिए सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

उन्होंने निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में एंटी-सबोटाज चेकिंग लगातार की जाए तथा किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने पर तत्काल बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) और श्वान दल को सूचना दी जाए। जनपद में प्रवेश एवं बाहर जाने वाले वाहनों की चेकिंग करने, रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और यातायात प्लान का सख्ती से पालन कराने को भी कहा गया।
पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान अनावश्यक मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, आमजन एवं श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार रखने तथा अपनी ड्यूटी पूरी जिम्मेदारी से निभाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अफवाहों पर रोक लगाने, संवेदनशील स्थानों पर अभिसूचना तंत्र सक्रिय रखने और अपने प्रतिस्थानी के पहुंचने के बाद ही ड्यूटी प्वाइंट छोड़ने की हिदायत दी गई।
स्नान पर्व के दिन सुबह 2 बजे घाटों पर सो रहे श्रद्धालुओं को जगाकर घाट खाली कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि अन्य श्रद्धालु सुगमता से स्नान कर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो सकें। हरकी पैड़ी की ओर आने वाले पुलों पर भीड़ नियंत्रण के लिए रस्सों की व्यवस्था करने को कहा गया है।
1500 से अधिक सुरक्षाकर्मी संभालेंगे व्यवस्था
स्नान पर्व के दौरान पुलिस, यातायात पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, पीआरडी, जल पुलिस, अग्निशमन एवं अन्य सुरक्षा इकाइयों सहित बड़ी संख्या में जवान तैनात रहेंगे। इनमें 2 अपर पुलिस अधीक्षक, 7 पुलिस उपाधीक्षक, 23 निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष, 73 उपनिरीक्षक, 11 महिला उपनिरीक्षक, 264 मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी, यातायात पुलिस के 52 कर्मी, 10 अभिसूचना कर्मी, जल पुलिस के 16 जवान, पीएसी की 3 कंपनी व एक प्लाटून, 250 होमगार्ड, 250 पीआरडी जवान, 157 प्रशिक्षु उपनिरीक्षक, 100 पीएसी रिक्रूट, 14 अग्निशमन कर्मी सहित बीडीएस, डॉग स्क्वॉड एवं घुड़सवार पुलिस की टीमें तैनात रहेंगी।
खोया-पाया केंद्र की स्थापना
मेला क्षेत्र में परिजनों से बिछड़ने वाले श्रद्धालुओं की सहायता के लिए सीसीआर में खोया-पाया केंद्र स्थापित किया गया है। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें, घाटों पर सतर्कता बरतें तथा पुलिसकर्मियों द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का सहयोगपूर्वक पालन करें।
इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


