xr:d:DAFilMpBui0:268,j:1089140747442719364,t:23070505
26 वर्षों की उपलब्धियों, धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत और विकास कार्यों का किया उल्लेख, ‘विकसित उत्तराखण्ड से विकसित भारत’ के संकल्प को बताया महत्वपूर्ण
देहरादून(ब्यूरों)। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर उत्तराखण्ड के समस्त नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। अपने विस्तृत संदेश में प्रधानमंत्री ने उत्तराखण्ड की 26 वर्षों की विकास यात्रा, समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत, आधारभूत ढांचे के विस्तार, सीमांत क्षेत्रों के विकास और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों की सराहना की है।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि 9 नवंबर 2000 को भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदृष्टि से उत्तराखण्ड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। राज्य स्थापना दिवस प्रदेशवासियों के साहस, स्वाभिमान और विकास के संकल्प को नमन करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के समय जो सपने देखे गए थे, उत्तराखण्ड आज उन्हें साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री ने मां गंगा और यमुना के उद्गम स्थल, चारधाम, पंच केदार, पंच प्रयाग, केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंट साहिब, जागेश्वर धाम और आदि कैलाश का उल्लेख करते हुए उत्तराखण्ड को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का अनुपम केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनने की पूरी क्षमता है और केंद्र एवं राज्य सरकार इस दिशा में मिलकर कार्य कर रही हैं।
उन्होंने राज्य में कनेक्टिविटी और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए बताया कि चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना पर 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया गया है। वहीं लगभग 125 किलोमीटर लंबी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर भी तेजी से कार्य चल रहा है। केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण और बदरीनाथ धाम में लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे मास्टर प्लान के कार्यों को भी महत्वपूर्ण बताया।
सीमांत क्षेत्रों के विकास पर प्रधानमंत्री ने कहा कि वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत माणा, जादुंग, टिम्मरसैंण, नीति और गुंजी जैसे गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ पर्यटन, हस्तशिल्प और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। पर्यटन के क्षेत्र में होमस्टे, एडवेंचर टूरिज्म, विंटर टूरिज्म, वेडिंग टूरिज्म और 365-डे टूरिज्म की पहल की भी सराहना की।
प्रधानमंत्री ने हरिद्वार में आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के लिए केंद्र सरकार की ओर से 500 करोड़ रुपये की सहायता का उल्लेख करते हुए विश्वास जताया कि यह आयोजन देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय अनुभव बनेगा।
सामाजिक एवं आर्थिक विकास की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत 98 प्रतिशत से अधिक ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचने, नए मेडिकल कॉलेजों के संचालन, शिक्षा सुविधाओं के विस्तार और उत्तराखण्ड के पूर्ण साक्षरता के लक्ष्य को हासिल करने को महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया। महिला सशक्तिकरण, लखपति दीदी योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से मिल रही सहायता की भी सराहना की।
ऊर्जा एवं जल संसाधनों के क्षेत्र में टिहरी पम्प्ड स्टोरेज प्लांट, लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना, जमरानी बांध और सौंग बांध पेयजल योजना को राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। साथ ही समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण कानून और भू-कानून में पारदर्शिता जैसे कदमों की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन और उत्तराखण्ड के खिलाड़ियों द्वारा 100 से अधिक राष्ट्रीय स्तर के पदक जीतने को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने लोक संस्कृति, लोकगीतों, पारंपरिक त्योहारों, इगास-बग्वाल, फूलदेई, छोलिया नृत्य और उत्तराखण्ड के पारंपरिक व्यंजनों का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां की सांस्कृतिक विरासत प्रदेश की विशिष्ट पहचान है।
प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से उत्तराखण्ड विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक गांव, परिवार और युवा को विकास के अवसरों से जोड़ना ही विकसित उत्तराखण्ड से विकसित भारत के संकल्प का आधार है।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री का जताया आभार
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राज्य स्थापना दिवस पर भेजे गए शुभकामना संदेश और उत्तराखण्ड की विकास यात्रा की सराहना के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखण्ड के प्रति विशेष लगाव और आत्मीय जुड़ाव प्रदेशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से प्रदेश में विकास की नई संभावनाएं साकार हो रही हैं। राज्य सरकार प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और प्रदेश का प्रत्येक गांव, युवा, किसान, महिला तथा सीमांत क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से जुड़े। उत्तराखण्ड अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए रोजगार, पर्यटन, निवेश और विकास के नए अवसर सृजित कर रहा है। राज्य सरकार ‘विकसित उत्तराखण्ड से विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।



