हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। बहादराबाद थाना क्षेत्र के शांतरशाह में बाइक मैकेनिक हैप्पी की हत्या के मामले में शनिवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। बहादराबाद-दौलतपुर के बीच जंगल क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस ने देर रात तक जंगल में कांबिंग अभियान चलाया।
पुलिस के अनुसार, करीब एक सप्ताह पूर्व शांतरशाह क्षेत्र में बाइक मैकेनिक हैप्पी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से पुलिस हत्याकांड में शामिल आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि मामले से जुड़े कुछ बदमाश बहादराबाद-दौलतपुर के बीच जंगल क्षेत्र में मौजूद हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जंगल की घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान सहारनपुर निवासी मुदस्सिर के रूप में हुई है।

पुलिस ने घायल मुदस्सिर को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मुठभेड़ की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह अस्पताल पहुंचे और आरोपी से पूछताछ की। पुलिस उससे हैप्पी हत्याकांड में उसकी भूमिका, हत्या के कारणों और उसके अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
साथी की तलाश में चला कांबिंग अभियान
मुठभेड़ के दौरान मुदस्सिर का साथी जंगल की ओर फरार हो गया। इसके बाद बहादराबाद इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने क्षेत्र में व्यापक कांबिंग अभियान चलाया। जंगल से बाहर निकलने वाले संभावित रास्तों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई। एसपी सिटी दीपक सिंह समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और अभियान की निगरानी की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायल आरोपी से पूछताछ में हत्याकांड से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस हत्या में शामिल अन्य आरोपियों और फरार बदमाश की तलाश में जुटी है तथा जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।

