बहादराबाद(मनोज यादव)। बहादराबाद थाना क्षेत्र के शांतरशाह में बाइक मैकेनिक हैप्पी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि इस्तकार नामक युवक हैप्पी की कथित धमकियों से काफी समय से परेशान था। पुलिस के अनुसार हैप्पी उस पर स्मैक बेचने का आरोप लगाते हुए पुलिस से पकड़वाने की धमकी देता था।
बताया गया कि धमकियों से परेशान होकर इस्तकार अपने परिवार के साथ पहले पिरान कलियर चला गया, लेकिन वहां भी उसे लगातार धमकियां मिलती रहीं। इसके बाद वह सहारनपुर जाकर रहने लगा। हालांकि वह चोरी-छिपे शांतरशाह आता-जाता रहता था। पुलिस के अनुसार इस दौरान हैप्पी उससे पैसों की मांग भी करने लगा, जिससे इस्तकार और अधिक परेशान हो गया।

पुलिस के मुताबिक इन्हीं परिस्थितियों से तंग आकर इस्तकार ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर हैप्पी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। योजना के तहत आरोपियों ने 12 सितंबर 2026 को घटनास्थल की रेकी की और 14 सितंबर 2026 को हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
मामले की जांच और कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी मुदस्सिर पुत्र जमशेद निवासी ग्राम दतौली रांगण, थाना कोतवाली देहात, जिला सहारनपुर (उम्र 20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई जारी है तथा अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इस खुलासे और गिरफ्तारी में कोतवाली बहादराबाद के प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अशोक सिरसवाल, उपनिरीक्षक विकास रावत, उपनिरीक्षक अजय कुमार, उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

