लक्सर(श्रवण गिरी)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तहसील लक्सर स्थित राजकीय पशुचिकित्सालय में देशभक्ति और उत्साह के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पशुचिकित्साधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सभी कर्मचारियों ने राष्ट्रगान गाकर देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि देश की आजादी असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है, जिसे सदैव स्मरण रखना चाहिए। उन्होंने सभी से अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पशुपालन एवं पशु चिकित्सा सेवाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के पशुपालकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पशुचिकित्साधिकारी, फार्मेसिस्ट विनोद कुमार, वर्ष 1962 केंद्र पर तैनात डॉ. उमेश कुमार चौधरी, जयवीर सिंह, सरफराज, पशुसखी रोशन देवी, अनुराधा, रविश चौधरी, सचिन कुमार, एलआईओ पवन कुमार, मोनू कुमार, श्याम कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन देशभक्ति के नारों के साथ किया गया।




