डाक कांवड़ यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, एक दिन में 63.60 लाख शिवभक्त गंगाजल लेकर हुए रवाना
हरिद्वार(नीति शर्मा)। कांवड़ मेला-2026 के 12वें दिन डाक कांवड़ यात्रा के दौरान आस्था का अभूतपूर्व सैलाब देखने को मिला। पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को 63 लाख 60 हजार शिवभक्त हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते हरिद्वार के प्रमुख घाटों, कांवड़ मार्गों और हाईवे पर दिनभर “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंजते रहे।
आंकड़ों के अनुसार कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने से अब तक कुल 4 करोड़ 43 लाख 78 हजार शिवभक्त गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और स्वच्छता व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मेला क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों, प्रमुख स्नान घाटों और कांवड़ मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं चिकित्सा शिविरों, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सफाई व्यवस्था को भी लगातार मॉनिटर किया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिला प्रशासन ने शिवभक्तों से निर्धारित मार्गों का पालन करने, यातायात नियमों का अनुपालन करने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं स्वच्छ कांवड़ यात्रा में सहयोग करने की अपील की है।

