हरिद्वार(अमित शर्मा)। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के बाद जनपद में सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान तेज हो गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग 334ए के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त और गड्ढायुक्त सड़कों की मरम्मत, पेंचवर्क एवं डामरीकरण का कार्य युद्धस्तर पर दिन-रात किया जा रहा है।
अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग रुड़की सुरेश तोमर ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त सड़कों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत एवं डामरीकरण कराया जा रहा है। कार्य की गुणवत्ता और गति बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार स्थलीय निरीक्षण भी कर रहे हैं।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सड़क मरम्मत एवं गड्ढामुक्ति कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण किए जाएं।
उन्होंने कहा कि सड़कों के गड्ढामुक्त होने से जनपदवासियों के साथ-साथ हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इससे यातायात व्यवस्था भी सुचारु होगी तथा सड़क दुर्घटनाओं की संभावना में कमी आएगी।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश की सभी सड़कों को 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में हरिद्वार जनपद में भी संबंधित विभागों द्वारा सड़क मरम्मत एवं गड्ढामुक्ति कार्य को प्राथमिकता के साथ संपादित किया जा रहा है।


