देहरादून(हरिशंकर सैनी)। उत्तराखंड में राज्यसभा की एक सीट के लिए होने वाले चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी है। पार्टी ने वरिष्ठ भाजपा नेता एवं राज्यस्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री स्तर) दिनेश आर्य को उम्मीदवार बनाया है। उनके नाम की घोषणा के बाद भाजपा संगठन और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
दिनेश आर्य लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस), अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और भाजपा संगठन से जुड़े रहे हैं। उन्होंने आरएसएस से तृतीय वर्ष का प्रशिक्षण प्राप्त किया और विद्यार्थी परिषद के माध्यम से सक्रिय राजनीति में कदम रखा। भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने संगठन के विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
नैनीताल में जिला संयोजक के रूप में कार्य करने के साथ-साथ उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा और अनुसूचित जाति मोर्चा में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 2007 से 2010 तक वे भाजपा नैनीताल के जिलाध्यक्ष रहे। इसके बाद अनुसूचित जाति मोर्चा में राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाते हुए वर्ष 2017 से 2021 तक राष्ट्रीय सचिव एवं पंजाब प्रभारी के पद पर कार्य किया।

वर्ष 2021 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें अपना जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) नियुक्त किया था। वर्तमान में वे राज्यस्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा ने दिनेश आर्य को उम्मीदवार बनाकर संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान देने के साथ-साथ अनुसूचित जाति समाज में अपने राजनीतिक आधार को और मजबूत करने का संदेश दिया है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी इसे संगठनात्मक अनुभव और सामाजिक प्रतिनिधित्व के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण निर्णय बताया है।

