हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना पथरी पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने एक युवक को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 21.31 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब साढ़े पांच लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार संयुक्त टीम द्वारा पथरी क्षेत्र में फेरूपुर से दोगीवाला जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान ग्राम धनपुरा निवासी शाहरुख पुत्र शौकीन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 21.31 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपित को मौके पर गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ थाना पथरी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपित का चालान कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




