पिरान कलियर(श्रवण गिरी)। थाना क्षेत्र के धनौरी जसवावाला मार्ग स्थित एक बंद मकान में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने मकान का ताला तोड़कर घर में रखी नकदी और लाखों रुपये मूल्य के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
पीड़ित विवेक सैनी पुत्र ओम प्रकाश निवासी धनौरी ने थाना पिरान कलियर में दी गई तहरीर में बताया कि 20 जून 2026 को वह अपनी पत्नी के साथ घर पर ताला लगाकर धनौरी स्थित दुकान पर चले गए थे। दोपहर करीब 12 बजे अज्ञात चोरों ने उनके मकान का मुख्य ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और कमरे के लॉकर में रखी एक लाख रुपये की नकदी, सोने के कुंडल, अंगूठी, सोने का लॉन्ग, तीन जोड़ी चांदी की पायल, दो ओम तथा दो चांदी के सिक्के चोरी कर लिए।
पीड़ित के अनुसार मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की पूरी घटना कैद हो गई है। शाम को घर पहुंचने पर चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित का आरोप है कि बंद मकान का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित ने पुलिस से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर अज्ञात चोरों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।




