हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। श्रावण कांवड़ मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मेला क्षेत्र को 18 सुपर जोन, 40 जोन एवं 141 सेक्टरों में विभाजित करते हुए सुपर जोनल, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी है। सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर कानून व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं की प्रभावी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि मेला अवधि के दौरान पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, चिकित्सा, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, यातायात, घाटों की सुरक्षा एवं कांवड़ मार्गों की स्थिति पर विशेष नजर रखी जाए। किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जारी आदेश के अनुसार हर की पैड़ी, अपर रोड, मनसा देवी, खड़खड़ी, सप्तऋषि, हाईवे क्षेत्र, रोड़ीबेलवाला, पतंजलि योगपीठ, मंगलौर, कलियर, रुड़की, लक्सर, बीएचईएल, धनौरी नहर पटरी, बैरागी कैंप और गंगापार सहित विभिन्न क्षेत्रों के लिए 18 सुपर जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को 40 जोन और 141 सेक्टरों में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी अधिकारियों को श्रद्धालुओं के प्रति संवेदनशील एवं शालीन व्यवहार अपनाने, शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने तथा पुलिस एवं अन्य विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि श्रावण कांवड़ मेला प्रदेश की आस्था का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है और देशभर से आने वाले करोड़ों शिवभक्तों को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
