कलियर(श्रवण गिरी)। थाना कलियर क्षेत्र की धनौरी पुलिस चौकी अंतर्गत तेलीवाला उर्फ शिवदासपुर के मजरा रसूलपुर गांव में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर का ताला तोड़कर करीब दो लाख रुपये की नकदी तथा सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित प्रदीप कुमार सैनी ने बताया कि उनके पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा पद से सेवानिवृत्त हैं। सोमवार को वह अपनी दुकान पर धनौरी गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी दवाई लेने के लिए रुड़की गई थीं। घर के मुख्य गेट और कमरों में ताला लगा हुआ था।
शाम को वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य गेट और कमरों के ताले टूटे हुए हैं। घर के अंदर जाकर देखा तो गोदरेज, अलमारी, बक्से और अटैची के ताले भी टूटे पड़े थे तथा सामान बिखरा हुआ था। पीड़ित के अनुसार चोर घर से करीब दो लाख रुपये की नकदी, सोने के आभूषण और चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत कई लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना के संबंध में पीड़ित ने धनौरी पुलिस चौकी में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी कलियर कमल मोहन भंडारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मामले की जांच की जा रही है तथा चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

