हरिद्वार(श्रवण गिरी)। सावन माह में चल रही पावन कांवड़ यात्रा के दौरान बहादराबाद थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में आयोजित विशाल कांवड़ सेवा भंडारे का शुभारंभ विधायक फुरकान अहमद ने किया। इस अवसर पर उन्होंने शिवभक्त कांवड़ियों को प्रसाद वितरित कर भंडारे की शुरुआत कराई तथा श्रद्धालुओं की सेवा में सहभागिता निभाई। कार्यक्रम स्थल पर “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोषों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इस मौके पर विधायक फुरकान अहमद ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा और भाईचारे का भी संदेश देती है। उन्होंने कहा कि दूर-दराज़ से आने वाले शिवभक्तों की निस्वार्थ सेवा करना अत्यंत पुण्य का कार्य है। ऐसे आयोजन समाज में प्रेम, सद्भाव और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।

विधायक ने भंडारे के आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं के लिए भोजन, पेयजल, विश्राम और अन्य सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था की गई है। उन्होंने कांवड़ यात्रा के सफल संचालन के लिए प्रशासन और पुलिस द्वारा किए जा रहे सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की भी प्रशंसा की।
भंडारे में दिनभर बड़ी संख्या में कांवड़ियों ने प्रसाद एवं भोजन ग्रहण किया। श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए सेवा कार्य में जुटे स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान आयोजकों ने विधायक फुरकान अहमद का फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया।
कार्यक्रम में कृष्ण पुरी, राजेंद्र गिरी, सौरभ पुरी, सोनू पुरी, रमन पुरी, विनय गिरी, प्रमोद गिरी और राजेश पुरी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ियों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी से आयोजन श्रद्धा, सेवा और सामाजिक सौहार्द का केंद्र बना रहा।

