धनौरी(श्रवण गिरी)। कांवड़ मेला 2026 के दौरान धनौरी क्षेत्र में तिरछा पुल और कृषि विज्ञान केंद्र पुल पर तैनात स्पेशल पुलिस ऑफिसर (एसपीओ) श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। बढ़ती कांवड़ियों की संख्या के बीच एसपीओ दिन-रात मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाते हुए व्यवस्था को सुचारु बनाए हुए हैं।
हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे शिवभक्तों की लगातार बढ़ती भीड़ के कारण धनौरी क्षेत्र के प्रमुख मार्गों और पुलों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। ऐसे में तिरछा पुल और कृषि विज्ञान केंद्र पुल पर तैनात एसपीओ श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के साथ ही यातायात संचालन में भी अहम योगदान दे रहे हैं।

भीड़ अधिक होने पर एसपीओ कांवड़ियों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने, वाहनों की गति नियंत्रित करने तथा आम नागरिकों और राहगीरों को सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने का कार्य कर रहे हैं। इसके साथ ही रास्ता भटकने वाले श्रद्धालुओं को सही दिशा बताने और जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने में भी एसपीओ सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने एसपीओ की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में पुलिस प्रशासन के साथ-साथ एसपीओ का योगदान भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनकी सतर्कता और सेवा भाव के कारण क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी हुई है तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण में यात्रा करने में सुविधा मिल रही है।
कांवड़ यात्रा के दौरान एसपीओ द्वारा निभाई जा रही जिम्मेदारी सेवा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। उनकी सक्रियता और सहयोग से हजारों श्रद्धालु सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर पा रहे हैं।

