हरिद्वार(नीति शर्मा)। जनपद की सड़कों को सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग सहित मंगलौर तक विभिन्न मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को 15 अक्टूबर तक सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए।
डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर मौजूद गड्ढों की तत्काल मरम्मत, सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने तथा झाड़ियों की कटाई और साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों की खराब स्थिति के कारण किसी भी प्रकार की दुर्घटना नहीं होनी चाहिए और मरम्मत कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान फ्लाईओवर निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने तथा कुंभ मेले से पहले सभी महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए।

साथ ही परिवहन विभाग को दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां साइन बोर्ड, चेतावनी संकेतक और आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर लगाने के निर्देश भी दिए गए। डीएम ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए सड़क सुरक्षा, सफाई और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक एनएचआई विशाल गोयल, प्रोजेक्ट मैनेजर सुमित कुमार, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा, नेहा झा, कृष्ण चंद्र पलडिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


