बहादराबाद(विकास सैनी)। लगातार हो रही बारिश ने पतंजलि से सहदेवपुर जाने वाले मार्ग के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। तेज बारिश और जलभराव के कारण सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बने गहरे गड्ढे दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। यह मार्ग आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, विद्यार्थी और अन्य वाहन चालक आवाजाही करते हैं।
ग्रामीणों प्रदीप चौधरी, वीरेंद्र, मोनू, सतपाल, आदि का कहना है कि सड़क किनारे जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक सड़क पर जमा रहता है। इससे सड़क की ऊपरी परत लगातार टूट रही है और मार्ग की हालत दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। इससे पूर्व भी पतंजलि अंडरपास से सहदेवपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर जलभराव और सड़क क्षतिग्रस्त होने की समस्या सामने आ चुकी है।
ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कराकर क्षतिग्रस्त हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराने तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि केवल गड्ढों में मिट्टी या बजरी डालकर औपचारिकता पूरी करने के बजाय सड़क का गुणवत्तापूर्ण और मजबूत निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में बरसात के दौरान ऐसी समस्या दोबारा उत्पन्न न हो।


