हरिद्वार(नीति शर्मा)। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय, हरिद्वार द्वारा आगामी 30 सितंबर 2026 (बुधवार) को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला प्रातः 10 बजे से जिला सेवायोजन कार्यालय परिसर में आयोजित होगा, जिसमें जनपद हरिद्वार की लगभग 5 से 6 औद्योगिक इकाइयों के प्रतिभाग करने की संभावना है।
प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी मुकेश प्रसाद रयाल ने बताया कि रोजगार मेले के माध्यम से लगभग 200 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई (फिटर, इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर एवं प्लंबर), स्नातक तथा परास्नातक योग्यता रखने वाले पात्र अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने बायोडाटा (सीवी) की दो प्रतियां, नवीनतम पासपोर्ट आकार के फोटो, सभी शैक्षिक प्रमाण-पत्रों की प्रतियां तथा सेवायोजन पंजीयन प्रमाण-पत्र के साथ रोजगार मेले में उपस्थित होना होगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने कहा कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी किसी भी कार्य दिवस में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक जिला सेवायोजन कार्यालय, हरिद्वार में संपर्क कर सकते हैं।



