रुड़की(नीति शर्मा)।मैथोडिस्ट गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, रुड़की के प्रांगण में 84 यूके बटालियन एनसीसी, रुड़की के कमान अधिकारी कर्नल जगदीश अलमिया द्वारा आज औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एनसीसी कैडेट्स के साथ संवाद एवं साक्षात्कार किया तथा एनसीसी से संबंधित विभिन्न दस्तावेजों एवं अभिलेखों का भी निरीक्षण किया।
कमान अधिकारी के महाविद्यालय आगमन पर महाविद्यालय की प्रबंधिका मिस जे. सिंह, प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव, एनसीसी सीटीओ वंदना चौहान एवं एनसीसी प्रशिक्षक संजय तिवारी ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके पश्चात कमान अधिकारी ने एनसीसी गतिविधियों, कैडेट्स के प्रशिक्षण तथा अभिलेखों का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान कैडेट्स अम्बिका, अक्षरिता, रुपाली, इशिका, अंशिका, मानसी, अनोशिया सहित अन्य कैडेट्स उपस्थित रहीं। पायलेटिंग में कैडेट शीतल एवं मानसी ने कमान अधिकारी का स्वागत एवं मार्गदर्शन किया।

इस अवसर पर कर्नल जगदीश अलमिया ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए एकता एवं अनुशासन के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने कैडेट्स को एनसीसी प्रशिक्षण के साथ-साथ शिक्षा, व्यक्तित्व विकास एवं अन्य क्षेत्रों में निरंतर आगे बढ़ने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम के माध्यम से कैडेट्स अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकती हैं।
महाविद्यालय की प्रबंधिका, प्राचार्या एवं एनसीसी इकाई ने कमान अधिकारी द्वारा किए गए निरीक्षण एवं मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया तथा एनसीसी की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं अनुशासित रूप से संचालित करने का संकल्प व्यक्त किया।


