हरिद्वार(नीति शर्मा)। डिवाइन कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंस में डिवाइन कॉलेज ऑफ फार्मेसी के तत्वावधान में विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं डी.फार्मा 2024–26 बैच के विद्यार्थियों के फेयरवेल समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दक्षेश मिश्रा, डिप्टी मैनेजर, साइनोकेम फार्मास्यूटिकल लिमिटेड तथा विशिष्ट अतिथि संदीप गोयल रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथि दक्षेश मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। दवाओं के सुरक्षित एवं उचित उपयोग, रोगियों को सही परामर्श तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में फार्मासिस्ट की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान एवं कौशल का उपयोग समाज और मानव सेवा के लिए करने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि संदीप गोयल ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कॉलेज से प्राप्त शिक्षा उनके व्यावसायिक जीवन की मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, अनुशासन बनाए रखने तथा फार्मेसी के क्षेत्र में नए अवसरों के लिए स्वयं को तैयार करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर हीरा सिंह बिष्ट, कॉलेज के विभिन्न विभागों के प्रधानाचार्य, फार्मेसी विभाग के प्रधानाचार्य हेमंत तोमर, फैकल्टी सदस्य, डायरेक्टर अनुभा मदान, एचआर हेड आभा राय एवं एडमिशन हेड रोहित चौहान सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
फेयरवेल समारोह में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपने कॉलेज जीवन की यादों को साझा किया। विदाई के अवसर पर विद्यार्थियों में उत्साह के साथ भावुकता भी देखने को मिली। कार्यक्रम के अंत में डी.फार्मा 2024–26 बैच के विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल करियर के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

