हरिद्वार/लक्सर(अनिल शीर्षवाल)। लक्सर क्षेत्र के गोवर्धनपुर में रविवार देर रात पुलिस चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध टेंपो चालक और पुलिस टीम के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों पर टेंपो चढ़ाने का प्रयास किया और फरार हो गया। पीछा करने पर उसने गन्ने के खेत में छिपकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

जानकारी के अनुसार चौकी प्रभारी गोवर्धनपुर अपनी टीम के साथ शाहीपुर तिराहे पर नियमित चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान सिकंदरपुर की ओर से आ रहे एक संदिग्ध टेंपो को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय पुलिसकर्मियों पर टेंपो चढ़ाने की कोशिश की और तेज गति से खानपुर की ओर भाग निकला।
घटना की सूचना तत्काल कोतवाली खानपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ आरोपी की तलाश में जुट गए। पुलिस टीम ने धर्मपुर मार्ग स्थित श्मशान घाट के निकट संदिग्ध टेंपो को घेर लिया। खुद को घिरता देख चालक टेंपो को सड़क पर छोड़कर पास के गन्ने के खेत में घुस गया।

पुलिस के अनुसार खेत में छिपे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे खेत से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्सर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उप जिला चिकित्सालय रुड़की रेफर कर दिया।
उपचार के दौरान घायल आरोपी ने अपनी पहचान आरिफ पुत्र खलील निवासी तोड़ा जलालपुर, कोतवाली रुड़की के रूप में बताई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मिले टेंपो को अपने कब्जे में ले लिया है तथा घटनास्थल से फायरिंग से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के आपराधिक इतिहास, घटना के कारणों तथा उसके संभावित साथियों के संबंध में भी जांच की जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।
