कलियर(श्रवण गिरी)। धर्म और आस्था की आड़ में लोगों को भ्रमित कर उनकी निजी एवं घरेलू समस्याओं का समाधान कराने का प्रलोभन देने वालों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कलियर थाना पुलिस ने तांत्रिक का भेष धारण कर लोगों को गुमराह करने के आरोप में तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है तथा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य ऐसे लोगों पर अंकुश लगाना है जो साधु-संतों का भेष धारण कर विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं को तंत्र-विद्या, अंधविश्वास तथा कथित धार्मिक उपायों के माध्यम से उनकी व्यक्तिगत एवं पारिवारिक समस्याओं का समाधान करने का झांसा देते हैं। पुलिस का कहना है कि धर्म की आड़ में लोगों की आस्था और भावनाओं का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में कलियर थाना पुलिस टीम ने मेहवड़कला स्थित श्मशान घाट क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध तांत्रिक भेषधारियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने तीनों से विस्तृत पूछताछ शुरू कर दी है।
हिरासत में लिए गए व्यक्तियों की पहचान इरशाद पुत्र याकूब, निवासी रामपुर चुंगी वार्ड नंबर-9, कोतवाली सिविल लाइंस रुड़की, उस्मान मलिक पुत्र जुल्फुकार, निवासी रामपुर चुंगी हसन कॉलोनी, कोतवाली गंगनहर रुड़की तथा उस्मान पुत्र फुरकान, निवासी रामपुर चुंगी वार्ड नंबर-11, टाटा कंपनी के पीछे, कोतवाली गंगनहर रुड़की के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


