देहरादून(गौरव कलौनी)। पैक्स सचिव कर्मचारी संयुक्त संगठन उत्तराखंड के आह्वान पर प्रदेशभर के पैक्स कैडर सचिवों एवं सहकारी कर्मचारियों ने छह सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार को निबंधक सहकारी समितियां, मियांवाला देहरादून कार्यालय के समक्ष शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन शुरू किया। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में कर्मचारी देहरादून पहुंचे और मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
धरने के दौरान कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया और शासन एवं विभाग से लंबित मांगों का शीघ्र समाधान किए जाने की मांग की। संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि कर्मचारी लंबे समय से अपनी छह सूत्रीय मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन कर रहे हैं। 18 सितंबर 2026 से आंदोलन शुरू किया गया था, जबकि एक अक्टूबर से चार अक्टूबर तक प्रदेशभर में कलमबंद हड़ताल की गई। इसके बावजूद मांगों के समाधान के संबंध में ठोस निर्णय नहीं होने पर पांच अक्टूबर से निबंधक कार्यालय के समक्ष धरना शुरू किया गया है।

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि पैक्स सचिव एवं कर्मचारी प्रदेश की सहकारिता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। पैक्स के माध्यम से किसानों और ग्रामीण जनता को ऋण, खाद-बीज, निक्षेप, जन औषधि केंद्र, सीएससी सेंटर, मिलेट मिशन सहित विभिन्न सहकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके बावजूद कर्मचारियों की समस्याओं का लंबे समय से समाधान नहीं किया जा रहा है।

धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि जब तक छह सूत्रीय मांगों पर शासन एवं विभाग की ओर से सकारात्मक और ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा। संगठन ने सरकार से तत्काल वार्ता बुलाकर मांगों का समयबद्ध समाधान करने की मांग की।
संगठन ने स्पष्ट किया कि आंदोलन शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से चलाया जा रहा है। साथ ही चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर आंदोलन को आगे और अधिक व्यापक किया जाएगा।





