भगवानपुर(विश्वास चौधरी)। विकासखंड भगवानपुर के ग्राम खेड़ी शिकोहपुर में सोमवार को खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कृषि विभाग, उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग, सहकारिता विभाग, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा इफको के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग कर किसानों को विभिन्न योजनाओं एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-2 एवं न्याय पंचायत प्रभारी खेड़ी शिकोहपुर, विकासखंड प्रभारी भगवानपुर, कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी रुड़की, कृषि विज्ञान केंद्र धनौरी से डॉ. योगेंद्र पाल सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने किसानों को जागरूक किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी मोहम्मद ताहिर ने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए खेत बचाओ अभियान के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं डॉ. योगेंद्र पाल सैनी ने मृदा स्वास्थ्य, प्राकृतिक खेती तथा जैविक खेती के लाभों पर विस्तार से चर्चा करते हुए किसानों को रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग और भूमि की उर्वरा शक्ति बनाए रखने के उपाय बताए।

इसके अलावा उद्यान, पशुपालन, सहकारिता विभाग तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने विभागों की योजनाओं की जानकारी किसानों को दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रगतिशील कृषक कैलाश चंद ने की, जबकि संचालन विकासखंड प्रभारी भगवानपुर दिनेश कुमार ने किया।
कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने खेती से जुड़ी समस्याओं और सुझावों पर चर्चा करते हुए अभियान की सराहना की।





