रुड़की(नीति शर्मा)। मैथोडिस्ट गर्ल्स पी.जी. कॉलेज रुड़की की छात्राओं के लिए आयोजित तीन दिवसीय स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम (आपदा प्रबंधन) के अंतर्गत दूसरे दिन का आयोजन सी.एस.आई.आर.-सीबीआरआई रुड़की में किया गया। कार्यशाला के दौरान छात्राओं ने आपदा प्रबंधन से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
कार्यशाला के द्वितीय दिवस में डॉ. आनिंदया पैन, डॉ. राजेश दास, डॉ. डी.सी. श्रीवास्तव, डॉ. एस. गणेश कुमार तथा डॉ. देव दत्ता घोष ने छात्राओं को आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं, आपदा के समय अपनाई जाने वाली सावधानियों तथा प्रभावी प्रबंधन के उपायों की जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने बताया कि आपदा के समय सही जानकारी, त्वरित निर्णय और सामुदायिक सहयोग से जनहानि एवं नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। कार्यशाला के दौरान छात्राओं में ज्ञान अर्जित करने का उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं को न केवल जागरूक बनाते हैं, बल्कि भविष्य में आपदा प्रबंधन एवं जन-जागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए भी सक्षम बनाते हैं।
इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं के साथ डॉ. पुष्पांजलि, डॉ. आयशा फरीन एवं अंकिता सेठी भी उपस्थित रहीं।






