कनखल(नेहा शर्मा)। पायलट बाबा इंस्टीट्यूट, कनखल में छात्र-छात्राओं के लिए फेयरवेल पार्टी का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम महामंडलेश्वर चेतना माता जी एवं महामंडलेश्वर श्रद्धा माता जी के सानिध्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर संस्थान परिसर में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मिलकर यादगार पल साझा किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान पूज्य चेतना माता जी एवं श्रद्धा माता जी ने विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ते हुए अपने संस्कारों, अनुशासन और परिश्रम को साथ रखने का संदेश दिया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सफलता के लिए शुभाशीष प्रदान किए।

फेयरवेल समारोह में छात्रों ने नृत्य, गीत और नाटिका सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। रंगारंग प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को जीवंत और भावुक बना दिया। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों और साथियों के साथ बिताए पलों को याद करते हुए अनुभव भी साझा किए।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “मिस्टर एवं मिस फेयरवेल” प्रतियोगिता रही। इसमें गुण को मिस फेयरवेल तथा विकास को मिस्टर फेयरवेल के खिताब से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. दुष्यंत कुमार, अनिल, स्वामी मुक्तानंद, विकास, राधा, दीपाली, सोनिया, रजत मित्तल, डिंपल, उपासना पुरोहित, अन्नू सहित संस्थान के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।

