रुड़की(नीति शर्मा)। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर मैथोडिस्ट गर्ल्स पीजी कॉलेज, रुड़की की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पायल अग्रवाल के नेतृत्व में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश देते हुए विभिन्न प्रकार के फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्रबंधिका मिस जे. सिंह एवं प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने महाविद्यालय परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए पाम ट्री सहित विभिन्न फलदार वृक्षों का रोपण किया। छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हरेला पर्व केवल एक पारंपरिक उत्सव नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प का प्रतीक है।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा वृक्षारोपण के महत्व को समझाना था। एनसीसी कैडेट्स ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

महाविद्यालय की सभी शिक्षिकाओं ने इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता की। विशेष पहल के तहत प्रत्येक शिक्षिका अपनी माता के नाम पर एक-एक पौधा लेकर आईं और उसका रोपण किया। सभी ने हरियाली बढ़ाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय परिवार ने छात्राओं, अभिभावकों एवं आमजन से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा हरेला पर्व की भावना को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।


