हरिद्वार(नीति शर्मा)। शनिवार को सर्वानंद घाट के सामने उस समय अफरा-तफरी मच गई जब हरिद्वार से देहरादून जा रही एक चलती बस में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और जिला प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया।
उप जिलाधिकारी योगेश सिंह मेहरा ने बताया कि बस में आग लगने की सूचना मिलते ही संबंधित विभागों को सक्रिय किया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और कुछ ही समय में आग को पूरी तरह बुझा दिया।
जानकारी के अनुसार बस हरिद्वार से देहरादून की ओर जा रही थी। आग लगते ही चालक और परिचालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाल लिया। प्रशासन के अनुसार घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या चोट की सूचना नहीं है।
घटना के दौरान पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था संभाली। वहीं, आग लगने के कारणों की जांच के लिए संबंधित विभाग को निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने फायर ब्रिगेड एवं राहत-बचाव दल की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों की जान सुरक्षित बचाई जा सकी।







