हरिद्वार(ब्यूरों)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार, 26 सितंबर 2026 को बाल विकास परियोजना बहादराबाद द्वितीय के आंगनबाड़ी केंद्र जगजीतपुर-1, 5, 7 एवं 11 में पोषण माह एवं आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लाभार्थियों को बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस दौरान महालक्ष्मी किट का वितरण, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के अंतर्गत लाभार्थियों का पंजीकरण, गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किए गए। उपस्थित लाभार्थियों को पौष्टिक आहार के महत्व की विस्तृत जानकारी देते हुए भोजन में स्थानीय खाद्य पदार्थों को शामिल करने तथा आहार में विविधता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा महिला मंडल अध्यक्ष नीति शर्मा, मंडल उपाध्यक्ष सुशील सैनी तथा मंडल मंत्री नेहा शर्मा उपस्थित रहे। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों रेनू गोस्वामी, अश्वनी शर्मा, सरिता एवं गीता सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं सहायिकाओं को सम्मानित भी किया गया। सम्मानित सहायिकाओं में कौशल देवी, पुष्पा देवी, संतोष एवं आशा सुनीता वालिया शामिल रहीं।

