format: 0; filter: null; fileterIntensity: null; filterMask: null; captureOrientation: 0; runfunc: 0; algolist: 0; multi-frame: 1; brp_mask:0; brp_del_th:0.0000,0.0000; brp_del_sen:0.0000,0.0000; motionR: 0; delta:1; bokeh:1; module: portrait;hw-remosaic: false;touch: (-1.0, -1.0);sceneMode: 13107200;cct_value: 0;AI_Scene: (-1, -1);aec_lux: 124.0;aec_lux_index: 0;albedo: ;confidence: ;motionLevel: -1;weatherinfo: weather?Partly cloudy, icon:1, weatherInfo:100;temperature: 46;zeissColor: bright;
रानीपुर पुलिस ने बिजनौर के दो शातिर चोरों को दबोचा, छह वाहन चोरी के मामलों का खुलासा
हरिद्वार(मनोज यादव)। रानीपुर कोतवाली पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी की लगातार बढ़ रही घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए अंतरराज्यीय ऑटोलिफ्टर गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हरिद्वार और उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से चोरी की गई 25 मोटरसाइकिलें तथा बड़ी मात्रा में वाहनों के पार्ट्स बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने सीआईयू की तकनीकी सहायता से सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और संदिग्ध गतिविधियों का गहन विश्लेषण किया। इसके बाद नहर पटरी से जमालपुर जाने वाले कच्चे रास्ते पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान भव्य उर्फ भोला (18) निवासी अमीरपुर गांगू, थाना कोतवाली शहर, बिजनौर तथा सुधीर कुमार (22) निवासी रसूलपुर आबाद, थाना हल्दौर, बिजनौर के रूप में हुई है। इनके कब्जे से रानीपुर क्षेत्र से चोरी की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपितों ने खुलासा किया कि वे हरिद्वार, ऋषिकेश और बिजनौर सहित विभिन्न क्षेत्रों से बाइक चोरी करते थे। चोरी के वाहनों को सस्ते दामों में बेच देते थे और जो बाइक नहीं बिकती थीं, उनके पार्ट्स अलग-अलग बेचकर मुनाफा कमाते थे। पुलिस के अनुसार भव्य पहले भी वाहन चोरी के मामले में जेल जा चुका है, जबकि सुधीर मोटर मैकेनिक का काम करता है।
आरोपितों की निशानदेही पर ग्राम दादूपुर गोविंदपुर स्थित एक खंडहर में छापेमारी कर 24 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें और बड़ी संख्या में वाहनों के पार्ट्स बरामद किए गए। बरामद वाहनों में रानीपुर, ज्वालापुर, नगर कोतवाली, सिडकुल, मंगलौर और बिजनौर क्षेत्रों से चोरी की गई बाइकें शामिल हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई से रानीपुर कोतवाली में दर्ज छह ताजा वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस अन्य बरामद वाहनों के वास्तविक स्वामियों की पहचान करने और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। आरोपितों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।






