हरिद्वार(नीति शर्मा)। सोमवती अमावस्या और वीकेंड के संयोग से धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गंगा स्नान के लिए देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं के कारण शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और कई स्थानों पर घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही।
मध्य हरिद्वार क्षेत्र में भगत सिंह चौक, चंद्राचार्य चौक, देवपुरा चौक, रेलवे रोड समेत कई प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव लगातार बना रहा। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु अपने निजी वाहनों से हरिद्वार पहुंचे, जिससे सड़कों पर वाहनों की संख्या अचानक बढ़ गई। जाम के कारण स्थानीय लोगों और यात्रियों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई लोग अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए पैदल जाते दिखाई दिए।
यात्री बाहुल्य क्षेत्रों और प्रमुख चौराहों पर पुलिस एवं यातायात पुलिस के जवानों की अतिरिक्त तैनाती की गई। पुलिसकर्मी यातायात को सुचारु बनाए रखने के प्रयास में जुटे रहे, लेकिन श्रद्धालुओं की अत्यधिक संख्या के कारण कई स्थानों पर व्यवस्थाओं पर दबाव बना रहा। हर की पैड़ी सहित प्रमुख गंगा घाटों, पार्किंग स्थलों और बाजारों में भी भारी भीड़ देखने को मिली।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की जा रही है। उन्होंने कहा कि भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।







