हरिद्वार(नीति शर्मा)। राज्य मंत्री सुनील सैनी ने रविवार को राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति के उत्तराखंड आगमन पर उनका अभिनंदन एवं स्वागत किया। इस दौरान पिछड़ा वर्ग समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया गया।
राज्य मंत्री सुनील सैनी ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में सरकार और संगठन पिछड़ा वर्ग समाज के हितों के लिए पूर्णतः संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है और इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान साध्वी निरंजन ज्योति ने अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली, जिसमें पिछड़ा वर्ग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने पिछड़ा वर्ग आयोग को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में जारी प्रयासों का भी उल्लेख किया। शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि “किताब के काले अक्षर में ही कल का उजाला छुपा होता है” और सभी से शिक्षित बनकर देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
