हरिद्वार(नीति शर्मा)। भारत मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा 20 जुलाई 2026 को जनपद हरिद्वार के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी तथा कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके मद्देनजर जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण हरिद्वार मयूर दीक्षित ने जनपद के सभी सरकारी, गैर सरकारी, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों तथा समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में 20 जुलाई (सोमवार) को अवकाश घोषित कर दिया है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि मौसम विभाग की चेतावनी तथा संभावित आपदा की स्थिति को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत यह निर्णय लिया गया है। आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन 20 जुलाई को बंद रहेगा।
संबंधित तहसील एवं विभागीय अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि आदेश की अवहेलना करने वाले विद्यालयों अथवा विभागों के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से भी खराब मौसम के दौरान सतर्कता बरतने तथा अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।


