बहादराबाद(नीति शर्मा)। ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा हरिद्वार द्वारा रविवार को ब्लॉक बहादराबाद में लखपति दीदी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित कर आर्थिक रूप से सशक्त बनी 31 महिलाओं को पटका एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित महिलाओं को पूर्व में सरकार की ओर से स्वरोजगार शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की गई थी। इन महिलाओं ने प्राप्त सहायता का सदुपयोग कर अपने रोजगार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता महिला आयोग की सदस्य अनु कक्कड़ ने कहा कि लखपति दीदी योजना ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के माध्यम से महिलाएं न केवल अपनी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर रही हैं, बल्कि परिवार के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को प्रशिक्षण एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष प्रीति गुप्ता ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को सम्मानित करते हुए कहा कि लखपति दीदी योजना महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। प्रदेश प्रवक्ता देवेंद्र प्रधान ने महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में इस योजना से जुड़कर स्वरोजगार को बढ़ावा देने का आह्वान किया। ज्वालापुर पूर्वी मंडल अध्यक्ष प्रताप प्रधान ने कहा कि आज की महिला को आत्मनिर्भर बनकर समाज में अपनी अलग पहचान स्थापित करनी चाहिए।

कार्यक्रम में एससी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष राजवीर सिंह तथा सहकारी समिति अध्यक्ष शशांक भी उपस्थित रहे। मंच संचालन महिला मोर्चा जिला महामंत्री डॉ. सुंदरी ने किया। महिला मोर्चा जिला महामंत्री रेनू शर्मा ने भी महिलाओं का सम्मान किया।
कार्यक्रम की संयोजिका जिला मंत्री संगीता प्रजापति तथा सह-संयोजिका एवं महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष मंजू रानी रहीं। इस अवसर पर मंडल महामंत्री जानवी, मंडल महामंत्री नीलम सहित स्वयं सहायता समूहों की अनेक महिलाएं मौजूद रहीं।
सम्मानित महिलाओं में भावना, मुनेश, निर्मला, मीनू, रूबी, आशु, मंजू चौहान, रूपा देवी, प्रतिमा, मछला, उषा, अफसाना, पिंकी, कुसुम शर्मा, दीपा पाल, उजाला, सुधा, स्वाति, अनीता, मोनिका सहित कुल 31 महिलाएं शामिल रहीं।


