रुड़की(श्रवण गिरी)। बुग्गावाला थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और अमानतगढ़ स्थित फैक्ट्री में हुई फायरिंग की घटना से संबंधित मोबाइल फोन बरामद किया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार कांबिंग अभियान चला रही हैं।
जानकारी के अनुसार बुग्गावाला थाना पुलिस यूपी बॉर्डर क्षेत्र में देर रात जोनल चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान बंजारावाला गांव की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोप है कि दोनों ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया।
पुलिसकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाशों की घेराबंदी की। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।
पकड़े गए घायल बदमाश ने पूछताछ में अपना नाम लुकमान पुत्र गुफरान निवासी ग्राम गोकुलवाला, थाना बुग्गावाला बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस तथा 9 जून को अमानतगढ़ स्थित फैक्ट्री में हुई फायरिंग की घटना से संबंधित पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार फरार आरोपी की पहचान गुलजार निवासी खेड़ी शिकोहपुर, थाना भगवानपुर के रूप में हुई है। घायल बदमाश को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आसपास के जंगलों और संभावित ठिकानों पर सघन कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच जारी है और जल्द ही अन्य महत्वपूर्ण खुलासे किए जा सकते हैं।




