हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान लगातार हो रही भारी वर्षा के बीच जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने गुरुवार को नारसन बॉर्डर पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों एवं यातायात व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सीमा पर तैनात प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए यात्रा को सुरक्षित, सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम एवं एसएसपी ने सभी चेक पोस्टों, ट्रैफिक डायवर्जन व्यवस्थाओं तथा विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं एवं गैर-सरकारी संगठनों द्वारा लगाए गए भंडारों और सेवा शिविरों का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंच रहे हैं और प्रशासन तथा पुलिस के समन्वित प्रयासों से यात्रा सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है।

अधिकारियों ने कांवड़ यात्रियों से संवाद करते हुए प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों का उपयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने तथा प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया, जिससे यात्रा सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
डीएम और एसएसपी ने स्पष्ट किया कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार 10 फीट चौड़ाई और 12 फीट ऊंचाई से अधिक आकार की कांवड़ तथा मानकों के विपरीत संचालित डीजे को जनपद में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। ऐसे सभी डीजे एवं कांवड़ को नारसन बॉर्डर से वापस किया जा रहा है। अधिकारियों ने सीमा पर तैनात कर्मियों को प्रत्येक वाहन एवं डीजे की सघन जांच सुनिश्चित करने तथा नियम उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
भारी वर्षा को देखते हुए अधिकारियों ने जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को त्वरित जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, तहसीलदार विकास अवस्थी, अपर तहसीलदार रुड़की शुभांगिनी सहित पुलिस प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

