रुड़की(नीति शर्मा)। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में महाविद्यालय में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ छात्राओं को राष्ट्र की स्वतंत्रता, एकता एवं अखंडता की रक्षा करने की शपथ दिलाकर किया गया।
छात्राओं ने शपथ लेते हुए देश के संविधान का सम्मान करने, महान स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में देश की उन्नति, शांति और भाईचारे के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने “जय हिन्द” और “जय भारत” के उद्घोष के साथ राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इसके पश्चात महाविद्यालय की प्रबंधिका मिस जे. सिंह ने तिरंगा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर मिलकपुर चुंगी, नगर निगम रुड़की एवं सिविल लाइंस रोड से होते हुए पुनः महाविद्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
महाविद्यालय लौटने पर सभी छात्राओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं एनसीसी की छात्राओं सहित महाविद्यालय की सभी छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की समस्त प्रवक्ताओं एवं कर्मचारियों की उपस्थिति रही। संपूर्ण आयोजन राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत रहा।

