बहादराबाद(अनिल शीर्षवाल)। कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने एक जटिल एवं ब्लाइंड मर्डर केस का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।
पुलिस ने बताया कि 24 जुलाई को मोमिन पुत्र हमीद, निवासी ग्राम अलीपुर, कोतवाली बहादराबाद, जनपद हरिद्वार द्वारा थाना बहादराबाद में तहरीर देकर आरोप लगाया गया कि उनकी पुत्री शहनुमा की हत्या गांव के ही निवासी नावेद पुत्र रियासत तथा उसके परिवार के सदस्यों द्वारा की गई है। तहरीर के आधार पर थाना बहादराबाद में अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा तत्काल पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए प्रभारी निरीक्षक बहादराबाद के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
घटना के बाद मुख्य आरोपी नावेद अपने घर से फरार हो गया था। पुलिस द्वारा उसके परिजनों एवं अन्य संदिग्ध व्यक्तियों से लगातार पूछताछ की गई, किन्तु किसी ने भी आरोपी के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं दी।
मामला पूरी तरह ब्लाइंड था। घटनास्थल स्पष्ट नहीं था तथा मृतका का शव भी बरामद नहीं हुआ था, जिससे जांच अत्यंत चुनौतीपूर्ण हो गई। इसके बावजूद पुलिस टीम ने सूचना तंत्र का प्रभावी उपयोग करते हुए आरोपी की तलाश लगातार जारी रखी। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई तथा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। कल एक सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी नावेद अपने रिश्तेदारों के यहां ग्राम भगवानपुर चंदनपुर, मंगलौर क्षेत्र में छिपा हुआ है। तभी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नावेद पुत्र रियासत निवासी ग्राम अलीपुर, थाना बहादराबाद को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसका मृतका शहनुमा के साथ प्रेम संबंध था। दोनों के बीच समय के साथ विवाद बढ़ने लगे। आरोपी के अनुसार एक पारिवारिक समारोह के दौरान शहनुमा ने लड़कों के साथ डीजे पर डांस किया उसके द्वारा मना किया परंतु वह नहीं मानीं जिससे दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद मृतका उसे विभिन्न मामलों में फंसाने की धमकी देने लगी। योजना बनाकर वह शहनुमा को 28 तारीख़ को कलियर लेकर गया व होटल में रुका। अगले दिन तड़के उसे अपने साथ सुनसान क्षेत्र की ओर ले जाकर उसकी हत्या कर दी तथा साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को गंगनहर में फेंक दिया। इसके बाद वह अपने गांव लौट आया और सामान्य दिनचर्या अपनाने का प्रयास करता रहा। आरोपित की निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन एवं आधार कार्ड बरामद कराया गया। नावेद पुत्र रियासत निवासी ग्राम अलीपुर, कोतवाली बहादराबाद के खिलाफ विधि कार्रवाई की गई।
