हरिद्वार/कलियर(श्रवण गिरी)। विधानसभा कलियर क्षेत्र के धनौरा गांव की होनहार बेटी श्रष्टी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में शानदार सफलता प्राप्त कर क्षेत्र, जनपद और अपने परिवार का नाम रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
श्रष्टी की सफलता की खबर मिलते ही उनके पैतृक आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। ग्रामीणों, परिजनों, मित्रों तथा शुभचिंतकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने भी उनके घर पहुंचकर इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता मुनीश सैनी ने श्रष्टी के आवास पहुंचकर उन्हें और उनके परिजनों को मिठाई खिलाकर बधाई दी। उन्होंने कहा कि श्रष्टी ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थी लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करें तो कोई भी सफलता असंभव नहीं है।
मुनीश सैनी ने श्रष्टी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि से धनौरा गांव ही नहीं, बल्कि पूरे हरिद्वार जिले का मान बढ़ा है। बेटी की इस सफलता पर क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

