रोशनाबाद(अर्चना सैनी)। सिडकुल पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की 09 मोटरसाइकिल और एक मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किए हैं। आरोपी अपने साथी के साथ मिलकर सिडकुल, रानीपुर और बहादराबाद क्षेत्र में दोपहिया वाहन चोरी करता था। चोरी के वाहनों को छिपाने के लिए बंद पड़ी पुरानी खाद फैक्ट्री को ठिकाने के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में अपराधियों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 सितंबर को किरवी चौक पर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पॉलिटेक्निक की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर आरोपी बाइक वापस मोड़कर भागने लगा, लेकिन अचानक बाइक का टायर फिसलने से वह सड़क पर गिर गया। पुलिस टीम ने तत्काल उसे दबोच लिया।
पुलिस ने बाइक का इंजन नंबर, चेसिस नंबर और वाहन संख्या की जांच की तो पता चला कि उक्त बाइक के चोरी होने के संबंध में सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज है। इसके बाद आरोपी से पूछताछ की गई। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बंद पड़ी पुरानी खाद फैक्ट्री की झाड़ियों के बीच छिपाकर रखी गई 08 अन्य मोटरसाइकिल और एक मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किए।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर सिडकुल, रानीपुर और बहादराबाद क्षेत्र से बाइक चोरी करता था। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ हरिद्वार के विभिन्न थानों के अलावा देहरादून और उत्तर प्रदेश के देवबंद थाने में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी कोतवाली लक्सर और थाना देवबंद से गैंगस्टर एक्ट में भी निरुद्ध रह चुका है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्रवण पुत्र रमेश, निवासी ग्राम दौलतपुर, थाना बहादराबाद, जनपद हरिद्वार, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश करेगी। वहीं, उसके फरार साथी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवीण बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक अनिल कुमार सैनी, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र मलिक, संजय व सोहन राणा, कांस्टेबल प्रमोद गोस्वामी व रिपेन्द्र कैन्तुरा तथा होमगार्ड आफताब मलिक शामिल रहे।



