खानपुर(श्रवण गिरी)। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत हरिद्वार जिले में जिला पंचायत द्वारा युद्ध स्तर पर व्यापक सफाई अभियान शुरू किया गया। अभियान का शुभारंभ खानपुर क्षेत्र के दल्लावाला गांव से जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने किया। इस दौरान जिला पंचायत के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों, सार्वजनिक स्थानों, रास्तों तथा आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कूड़े का उचित निस्तारण करने और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की जा रही है।
जिला पंचायत हरिद्वार के अपर मुख्य अधिकारी महेश कुमार बिश्नोई ने बताया कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान को सफल बनाने के लिए जिला पंचायत स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। जनभागीदारी के बिना स्वच्छता अभियान अपने लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकता।
उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, प्रतिष्ठान और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प ले, तो गांवों और कस्बों की तस्वीर बदली जा सकती है। अभियान के दौरान ग्रामीणों को खुले में कूड़ा न फेंकने और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
जिला पंचायत अधिकारियों के अनुसार अभियान के तहत जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार सफाई, जागरूकता कार्यक्रम और जनसहभागिता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देकर ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सुथरा और स्वस्थ वातावरण तैयार करना है।


