धनौरी(श्रवण गिरी)। धनौरी कृषि विज्ञान केंद्र क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृषि विज्ञान केंद्र धनौरी निवासी श्यामकली शर्मा पत्नी लक्ष्मण शर्मा के घर में शनिवार रात करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर में रखे 50 हजार रुपये गुल्लक से, 40 हजार रुपये अलमारी से, दो चांदी के पायल, एक सोने का कान का टॉप्स (करीब 3.50 ग्राम) तथा दो मोबाइल फोन चोरी कर ले गए।
घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के होश उड़ गए। पीड़ित परिवार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि चोरी गए मोबाइल फोन में महत्वपूर्ण जानकारी और संपर्क नंबर मौजूद थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्रवासियों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की जाए। वहीं पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
