हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र की टिहरी विस्थापित कॉलोनी में दो घरों में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। ऑपरेशन प्रहार के तहत रानीपुर पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात बेचकर प्राप्त 5 लाख रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त टैम्पो, पुलिस कार्ड, पैन कार्ड और आधार कार्ड बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार 29 जुलाई की रात टिहरी विस्थापित कॉलोनी की गली नंबर ए-20 में चोरों ने दो बंद मकानों को निशाना बनाया था। पहले मकान का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया गया, लेकिन वहां कुछ हाथ नहीं लगा। इसके बाद आरोपियों ने पास के दूसरे मकान का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने के जेवरात चोरी कर लिए। मामले में 4 अगस्त को रानीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध टैम्पो दिखाई दिया। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और विभिन्न स्थानों पर दबिश दी।
पुलिस को सूचना मिली कि घटना में प्रयुक्त टैम्पो बीएचईएल क्षेत्र की ओर आ रहा है। चेकिंग के दौरान बीएचईएल स्टेडियम के पास सुरेश्वरी देवी मंदिर तिराहे से पुलिस ने अक्षय उर्फ गोलू को टैम्पो सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों सोनू सैनी और सोनू शर्मा के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
अक्षय की निशानदेही पर पुलिस ने रावली महदूद स्थित एक मकान में दबिश देकर सोनू सैनी और सोनू शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से चोरी के जेवरात बेचकर प्राप्त 5 लाख रुपये नकद बरामद हुए। साथ ही एक पैन कार्ड, आधार कार्ड और पुलिस पहचान पत्र भी बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन शराब पीने के बाद उन्होंने बंद घरों में चोरी करने की योजना बनाई थी। चोरी किए गए सोने के जेवरात को धामपुर क्षेत्र में बेच दिया गया था और प्राप्त धनराशि का बंटवारा करने के लिए तीनों हरिद्वार में एकत्र हुए थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अक्षय उर्फ गोलू निवासी नगीना, जिला बिजनौर, सोनू सैनी निवासी बिजनौर तथा सोनू शर्मा निवासी मुरादाबाद शामिल हैं। पुलिस के अनुसार तीनों का आपराधिक इतिहास भी है। अक्षय के खिलाफ चोरी समेत तीन मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सोनू सैनी के खिलाफ चोरी, नकबजनी और शस्त्र अधिनियम सहित सात मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

