हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। धर्मनगरी हरिद्वार में बुधवार तड़के सर्वानंद घाट के समीप हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर एक तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़ी कार को टक्कर मार दी। हादसे में ड्यूटी पर तैनात दो पीआरडी जवान घायल हो गए। कार में सवार यात्री उस समय गंगा स्नान के लिए घाट पर गए हुए थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार दिल्ली नंबर की एक कार सर्वानंद घाट के पास हाईवे किनारे खड़ी थी। कार में सवार लोग गंगा स्नान के लिए घाट पर गए थे। इसी दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी पर तैनात पीआरडी जवान अनिल कुमार और सचिन कुमार मौके पर पहुंचे और वाहन स्वामियों की तलाश कर रहे थे ताकि सड़क किनारे खड़ी कार को हटवाया जा सके।
इसी बीच पीछे से आ रहे एक डंपर ने खड़ी कार को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में मौके पर मौजूद दोनों पीआरडी जवान भी घायल हो गए।
सूचना मिलते ही खड़खड़ी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। बाद में दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया।
घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है तथा आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है।
नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।





