रुड़की(नीति शर्मा)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज 21 जून 2026 को मैथोडिस्ट गर्ल्स पीजी कॉलेज, रुड़की में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पायल अग्रवाल के नेतृत्व में योग कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रही, जिसका उद्देश्य बढ़ती उम्र के साथ शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक रूप से स्वस्थ, सक्रिय और आत्मनिर्भर जीवन में योग की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्रबंधिका मिस जे. सिंह ने किया। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान समय में योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की एक प्रभावी पद्धति है। योग शरीर और मन के बीच संतुलन स्थापित करता है तथा सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए लाभकारी है।
इस अवसर पर श्री रामचंद्र मिशन हार्टफुलनेस ऑर्गेनाइजेशन की ध्यान एवं योग प्रशिक्षक नीलकमल सचदेवा एवं रश्मि ने छात्राओं तथा उपस्थित सभी सदस्यों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। प्रशिक्षकों ने योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
योग दिवस के अवसर पर महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। छात्राओं को संदेश दिया गया कि स्वस्थ तन और मन के साथ प्रकृति को स्वस्थ रखना भी हमारी जिम्मेदारी है तथा इसके लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना आवश्यक है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए नियमित योग अपनाने का संकल्प लिया।



