हरिद्वार/लक्सर(अनिल शीर्षवाल)। इफको हरिद्वार के तत्वावधान में विकासखंड लक्सर के ग्राम नगला खिताब में प्रगतिशील किसान अमरदीप चौधरी के खेत पर धान की फसल में नैनो उर्वरकों पर आधारित क्षेत्र प्रदर्शन के अंतर्गत किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 70 से अधिक प्रगतिशील किसानों ने भाग लेकर आधुनिक कृषि तकनीकों एवं नैनो उर्वरकों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इफको नई दिल्ली के निदेशक प्रदीप चौधरी तथा विशिष्ट अतिथि इफको उत्तराखंड के राज्य विपणन प्रबंधक सतीश कुमार रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान एवं प्रगतिशील किसान नरेंद्र चौधरी ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय अधिकारी इफको हरिद्वार विनोद कुमार जोशी द्वारा अतिथियों एवं किसानों के स्वागत के साथ हुआ। उन्होंने नैनो उर्वरकों पर आधारित क्षेत्र प्रदर्शन के महत्व तथा किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। क्षेत्र अधिकारी इफको रुड़की प्रियांश दीक्षित ने जल विलेय उर्वरकों एवं मृदा परीक्षण के महत्व की जानकारी दी।
गन्ना विकास सहकारी समिति लक्सर के सचिव परमेंद्र कुमार ने गन्ना विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं किसान हित में संचालित कार्यक्रमों की जानकारी दी। वहीं कृषि विज्ञान केंद्र धनोरी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. वाई.पी. सैनी ने किसानों को नवीन कृषि तकनीकों को अपनाने, उर्वरकों के संतुलित उपयोग तथा नैनो उर्वरकों के प्रयोग से टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया।

कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी अमरेंद्र चौधरी ने कृषि विभाग की योजनाओं, जैविक एवं प्राकृतिक खेती तथा मृदा स्वास्थ्य संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। राज्य विपणन प्रबंधक सतीश कुमार ने इफको के विभिन्न कृषि उत्पादों, विशेषकर नैनो उर्वरकों, जैव उर्वरकों एवं बायो डी-कंपोजर के उपयोग और लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
मुख्य अतिथि प्रदीप चौधरी ने कहा कि मृदा स्वास्थ्य का संरक्षण कृषि की दीर्घकालिक सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने किसानों से नैनो तकनीक आधारित उर्वरकों का अनुशंसित विधि से प्रयोग करने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान किसानों को अमरदीप चौधरी के खेत पर लगाए गए नैनो उर्वरकों पर आधारित क्षेत्र प्रदर्शन का भ्रमण भी कराया गया, जहां उन्हें उन्नत उर्वरक प्रबंधन तकनीकों की जानकारी दी गई। अंत में इफको की ओर से किसानों को बायो डी-कंपोजर का निःशुल्क वितरण किया गया।
इस अवसर पर शेरपाल सिंह (विकासखंड प्रभारी कृषि), राहुल पंवार (इफको बाजार लक्सर), आशीष गुप्ता (एसएफए लक्सर), रोहित नागर (एफए नैनो वेंशन) सहित अनेक कृषि विशेषज्ञ एवं किसान उपस्थित रहे।

