हरिद्वार(नीति शर्मा)। आगामी कुंभ मेला एवं स्नान पर्वों की तैयारियों के तहत हरिद्वार शहर को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में नगरीय क्षेत्र में झूलते एवं अव्यवस्थित विद्युत, टीवी केबल और इंटरनेट तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों और सेवा प्रदाता कंपनियों को निर्देशित किया कि शहर में जहां भी झूलते या अव्यवस्थित तार हैं, उन्हें अगले 15 दिनों के भीतर सुरक्षित एवं व्यवस्थित किया जाए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले से पहले हरिद्वार की सुंदरता और सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
डीएम ने कहा कि जिन क्षेत्रों में भूमिगत विद्युत लाइनें बिछ चुकी हैं, वहां पुराने और अनुपयोगी तारों को हटाया जाए तथा उपयोग में आ रहे तारों की बंचिंग कर उन्हें व्यवस्थित किया जाए। अवैध और बेकार पड़े तारों को भी चरणबद्ध तरीके से हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ विशेष अभियान चलाने और उसकी नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि अगले 2 से 3 महीनों में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी तारों के जंजाल और केबल क्लटर को व्यवस्थित कर हरिद्वार को नया स्वरूप दिया जाएगा।
बैठक में एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी, सीओ ट्रैफिक बिपेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी सहित विद्युत विभाग, नगर निगम, टीवी केबल एवं इंटरनेट सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

