हरिद्वार(ब्यूरों)। जिला हरिद्वार के बहादराबाद मंडल में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा “कम तेल की थाली, स्वस्थ भारत की खुशहाली” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत मंडल की महिलाओं ने फ्रूट चाट, कस्टर्ड, ढोकला, चना चाट, पोहा, इडली एवं साबूदाना खीर जैसे पौष्टिक एवं कम तेल से बने व्यंजनों का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार तथा खाद्य तेल के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। संतुलित एवं पौष्टिक आहार न केवल विभिन्न बीमारियों से बचाव करता है, बल्कि व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से भी स्वस्थ रखता है। उन्होंने कहा कि खाद्य तेल का सीमित एवं विवेकपूर्ण उपयोग कर हम अपने परिवार को बेहतर स्वास्थ्य प्रदान कर सकते हैं। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को कम तेल वाले व्यंजनों को दैनिक जीवन में अपनाने तथा स्वस्थ भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में रानीपुर विधायक आदेश चौहान, प्रदेश आईटी संयोजक रंजना चतुर्वेदी, जिलाध्यक्ष प्रीति गुप्ता, जिला महामंत्री रेनू शर्मा, चित्रा भट्ट, मंडल अध्यक्ष नीति शर्मा, मंडल महामंत्री अंजू सैनी, जिला मंत्री दीपिका शर्मा, वरिष्ठ नेत्री सुषमा चौहान एवं सिमरन कौर सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।

उक्त कार्यक्रम का आयोजन भाजपा महिला मोर्चा बहादराबाद मंडल अध्यक्ष नीति शर्मा के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की जागरूकता और सहभागिता से ही स्वस्थ परिवार एवं स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं ने स्वस्थ खानपान अपनाने तथा कम तेल वाले पौष्टिक व्यंजनों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।



