काशीपुर(ब्यूरों)। गन्ना विकास परिषद काशीपुर के ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक बीरेंद्र कुमार चौधरी ने बुधवार को परिक्षेत्र के ग्राम गुलड़िया एवं बांसखेड़ा में चल रहे गन्ना सर्वेक्षण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों से विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा किसानों को अनुदान पर कीटनाशक उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे फसल उत्पादन में वृद्धि और गुणवत्ता सुधारने में मदद मिल रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पारदर्शिता के साथ गन्ना सर्वेक्षण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा किसानों से समय पर घोषणा पत्र भरने की अपील की।
बीरेंद्र कुमार चौधरी ने कहा कि विभागीय योजनाओं का किसानों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है, जिसके चलते प्राथमिक सैंपल सर्वे के आधार पर गन्ना क्षेत्रफल में वृद्धि की संभावना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक किसान तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है।

उन्होंने ब्लॉक प्रभारी एवं गन्ना पर्यवेक्षकों को किसानों के साथ सीधे संपर्क बनाए रखने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। विभागीय अधिकारियों द्वारा समय-समय पर विकास कार्यों का निरीक्षण कर किसानों को सरल एवं प्रभावी तरीके से योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान ब्लॉक प्रभारी सुरेश सिंह, गन्ना विकास निरीक्षक वीरेंद्र कुमार मौर्य, गन्ना पर्यवेक्षक सोमपाल सिंह सहित क्षेत्र के अनेक किसान उपस्थित रहे।



