पिरान कलियर(श्रवण गिरी)। स्वामी दयानंद सरस्वती विद्यालय में 25 एवं 26 सितंबर 2026 को आयोजित आराधना दिवस समारोह के प्रथम दिवस का आयोजन श्रद्धा, उत्साह और भारतीय संस्कृति के रंगों के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने संस्कार, योग, संगीत, नृत्य एवं सेवा-भाव से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि स्वामी श्रद्धानंद जी द्वारा दीप प्रज्वलन, मंत्र/श्लोक पाठ एवं अतिथियों के सम्मान के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने एल.के.जी. एवं यू.के.जी. स्तर पर मंच प्रस्तुतियों के साथ मनमोहक नृत्य-नाटिका एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में मीना ने ‘स्वामी जी एवं AIM for Seva’ विषय पर प्रेरणादायक वक्तव्य दिया। इसके बाद AIM for Seva की चेयरपर्सन एवं मैनेजिंग ट्रस्टी सुश्री शीला बालाजी सहित अन्य अतिथियों ने स्वामी श्रद्धानंद जी एवं मूल्य शिक्षा विषय पर अपने विचार रखे।


विद्यार्थियों ने उत्तराखंड की समृद्ध लोक-संस्कृति को दर्शाते हुए गढ़वाली एवं कुमाऊंनी नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। वहीं कक्षा 1 से 3 तक के विद्यार्थियों ने योग प्रदर्शन के माध्यम से स्वास्थ्य, अनुशासन और मानसिक शांति का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य गिरीश चंद्र उनियाल ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अतिथियों को प्रेरणादायक संबोधन दिया। कार्यक्रम का समापन ‘AIM for Seva’ के संकल्प एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।
विद्यालय की ओर से बताया गया कि इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता, अनुशासन, मूल्य शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सेवा-भाव से जोड़ना है। समारोह विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ भारतीय मूल्यों और संस्कारों से जुड़ने का अवसर प्रदान कर रहा है।

